Thursday, July 31, 2008

चिट्ठाकारों का मददगार


क्या आप हिंदी में ब्लॉग बनाना चाहते हैं? क्या आप ब्लॉग को बेहतर, और बेहतर बनाना चाहते हैं? ब्लॉग संबंधी कई समाधानों के लिए एक बेहद उपयोगी ब्लॉग है टिप्सहिंदी डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम। मोबाइल ब्लॉगिंग, पोस्ट व टाइपिंग संबंधी प्राइवेसी, प्रोटेक्शन आदि कई सवालों के जवाब यहां मौजूद हैं। हां एक बात और, ब्लॉगिंग टिप्स के अलावा यहां कुछ और आपको नहीं मिलेगा। इसका लिंक हैः

http://tips-hindi.blogspot.com/

Tuesday, July 29, 2008

दुराये नैना बनाये बतियां


कौन कह सकता है कि हिन्दी पढ़ने-लिखने वाले कम हो रहे हैं! खंगाल कर हिन्दी व अन्य भाषाओं की लेखनी (अनुवाद रूप में) चिट्ठों पर डाल देना क्या लिखने-पढ़ने की दीवानगी को व्यक्त नहीं करता! एक ब्लॉग है रश्मि सनसेटप्वांइट डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम। अधिकांशतः कविताएं हैं ब्लॉग पर। मगर, पिछली कुछ पोस्ट अमीर खुसरो को जीवंत करती हैं। कुल मिला कर, पठनीय।

http://rashmi-sunsetpoint.blogspot.com/

Monday, July 28, 2008

सरोकार


'नईसहर डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम' उस श्रेणी का ब्लॉग है जहां अधिकांश मुद्दों पर कोई न कोई पोस्ट आपको मिल जाएगी। ब्लॉग में पोस्ट हिंदी में भी हैं, पर अंग्रेजी में अधिक हैं। साक्षात्कार से ले कर कृषि और विदेशी घटनाक्रमों से ले कर धर्म व महिलाएं– बहस के हरेक मुद्दे को सहर पर समेट लेने की कोशिश की गई लगती है। ब्लॉग का मूल रूप गंभीर है। इसका लिंक है-

http://nai-sehar.blogspot.com/

नुक्कड पर


नुक्कड़ डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम को व्यंग्य के लिए खासा पढ़ा जाता है हिंदी ब्लॉग प्रेमियों द्वारा। हालांकि यहां केवल व्यंग्य ही नहीं है, आलेख भी हैं। मगर, ब्लॉग की मूल भाषा व्यंग्य ही है। यहां यह बता देना जरूरी होगा कि ब्लॉग में हास्य का रूप धरे व्यंग्य है, कटाक्ष है। जिसे कोरा हास्य कह कर हल्के में नहीं लिया जा सकता। जैसे इसकी एक पोस्ट का शीर्षक हैः वाह क्या पानी है, यह तो शीला की राजधानी है।

http://nukkadh.blogspot.com/

एक पत्रिका


ईहिन्दी साहित्य सभा ऐसा ब्लॉग है जहां साहित्य को महत्वूपर्ण स्थान दिया गया है। हालांकि इसका नाम साहित्य सभा है मगर यहां जन सरोकार के मुद्दों को भी लेख रूप में प्रस्तुत किया गया है। ब्लॉग में अप्रकाशित मौलिक रचनाएं स्वीकारी जाती हैं इसलिए इसे एक नेट पत्रिका माना जा सकता है जहां केवल नई पुरानी रचनाओं का संकलन या संग्रह नहीं होता। कोई भी व्यक्ति अपना लेख या कविता भेज सकता है। कई महत्वपूर्ण संबंधित लिंक भी दिए गए हैं। इसका लिंक है ईहिंदीसाहित्य डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम।

http://ehindisahitya.blogspot.com/

Thursday, July 24, 2008

होम्योपैथी


होम्योपैथी के बारे में जानकारी चाहते हों या फिर कुछ रोगों के होम्योपैथी में इलाज के बारे में जानना चाहते हों तो हिंदी ब्लॉग जगत में आपका स्वागत है। एक ब्लॉग डॉक्टरपीटंडन डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम इलाज की इसी पद्वति को समर्पित है। यहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में पोस्ट डाली गई हैं। होम्योपैथी संस्थानों से ले कर इस विषय पर निकलने वाली पत्र पत्रिकाओं के इंटरनेटीय लिंक भी यहां मौजूद हैं। कुल मिला कर, होम्योपैथी पर सूचनाओं का अच्छा स्रोत है यह।

http://drptandon.blogspot.com/

सार्थक चीख


समाज में तिरछी नजरों से देखे जाने वाले एक वर्ग के व्यक्ति ने ब्लॉगजगत में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। ब्लॉग 'लैंगिक विकलांग' द्वारा बनाया गया है। ब्लॉगर अपने अनुभवों पर यहां बात करती हैं। आधासच डॉट ब्लॉगस्पॉट नाम से बनाया गया यह ब्लॉग समाज में होते परिवर्तन को रेखांकित करता है। परिवर्तन, जो वक्त के साथ आता ही है। ब्लॉग का टाइटल कहता हैः हम अधूरे इंसान अगर सच भी बोलें तो लोग कहते हैं उसे अर्धसत्य। ब्लॉग इसी साल बनाया गया है और आमतौर पर नियमित अपडेट होता है।

http://adhasach.blogspot.com/

Tuesday, July 22, 2008

हमाम


हिंदी ब्लॉगजगत का सबसे 'कुख्यात' ब्लॉग है भड़ास डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम। गालीगलौज से लेकर टांग खिंचाई तक कर यहां भड़ास निकाली जाती है। इसी के चलते इसे बैन करने की मांग व कोशिश भी की गई। इधर भड़ासगी कुछ अलग रूप में सामने आई है। एक जरूरतमंद के लिए धन एकत्र करने की मुहिम इसके कुख्यातपन पर सफेद दाग ही तो है। हालांकि, सार्थक बहस की गुंजाइश भी यहां है और मन में उमड़ रही दो पंक्तियों को भी पनाह है। भड़ास कम्युनिटी ब्लॉग है। इसका लिंक है-

http://www.bhadas.blogspot.com/

जादू है, नशा है


सही कहा गया है, जो जितनी यायावरी करता है, उतना ही अधिक अनुभवी होता जाता है। अनुभव लेखनी की स्याही होते हैं। इसी स्याही से लिखा गया है रोविंगराइटर डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम पर। लेखक, बॉलीवुड फिल्म स्क्रिप्ट राइटर, गीतकार, फोटोग्राफर और पत्रकार यानी नीलेश मिश्र ने अपने इस ब्लॉग पर तस्वीरों, हिंदी और अंग्रेजी पोस्ट्स, कहीं–कहीं छिटपुट कविताओं को डाला है। तस्वीरों पर गौर करें, ये ऊंची आवाज में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाती हैं। देश, कस्बा, गली, मोहल्ला, राजधानियां और विदेश– क्या सब कुछ एक जगह मिलना कम है?

http://rovingwriter.blogspot.com/

Thursday, July 17, 2008

हिंदी का पहला महिला लिखित ब्लॉग


पद्मजा डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम को हिंदी का पहला महिला लिखित ब्लॉग माना जाता है। इसलिए भी, यह उल्लेखनीय है। सन् 2004 में बनाया गया लगता है और कुछेक पोस्ट के बाद इस पर कभी कुछ नहीं लिखा गया। यदि जानकारी के लिहाज से देखा जाए तो ऐसा कुछ नहीं जिसका जिक्र किया जाए। पर फिर यह क्या कम है कि जिस सन् में लोगों को ब्लॉग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी, तब एक महिला ने निजीत्व को ब्लॉग पर डाला।

http://padmaja.blogspot.com/